Sunday, December 22, 2024

कुचामन नवोदय की पावन धरा पर एलुमनी मीट का आयोजन!

 








कुचामन नवोदय की पावन धरा पर
एलुमनी मीट का आयोजन!

          मौसम की रुमानियत; तरन्नुम में गूँजते नगमों व थिरकते कदमों के बीच कदीमी यादों का पिटारा जो खुला तो उसमें छलकते पैमानों की मधुर स्मृतियाँ घंटों दिल को कचोटती रही। मनः मस्तिष्क में संजोए सलोने सपनों के संसार में हिलोरे लेती सौहार्द की भावसिक्त सरिताएं आप्लावित हुई तो सहज ही बचपन जीवंत हो उठा।
          नवोदयन की समेकित वाणी से हिम्मत और सकारात्मक वैचारिकता का जयघोष हुआ तो मानो हर नवोदयन अपने को जिम्मेदार समझ कर्तव्यपरायणता को निर्वहन करने की मनःकामना लिए पुलकित हो उठा।
           1997 के सम्मान समारोह में आयोजित कार्यक्रम में गुरुजन व पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभवों से बच्चों की हौसला अफजाई की वहीं सुयोग्य नागरिक बनकर देश-सेवा करने की नसीहत दी। कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों को कर्मठता, ईमानदारी, साहस, संघर्ष के पाठ के जरिए कार्यक्रम में ऊर्जा पैदा की, साथ ही मंजिल प्राप्ति की बाधाओं व कंटकावृत्त राहों से पार पाने की योग्यता विकसित करने का आह्वान किया।मनोज व्यास ने समाज में समरसता का बीजारोपण कर समाज के उत्थान का नैरंतर्य बनाए रखते हुए अपनी प्रतिबद्धता की मशाल को जलाए रखने पर बल दिया। 
     नवोदय परिवार के इस स्नेह मिलन में गुरुजन मुदगलजी सर, हरदेवजी सर, बशीरजी सर, पेपसिंहजी सर व विद्यालय के प्राचार्य तथा शिक्षकवृंद की उपस्थिति निस्संदेह उनके स्नेह व दुलार का परिचायक बनी।  सैकड़ों एलुमनीज ने सहभागिता की वहीं कुछ अभिभावकगण भी उपस्थित थे।
        प्रथम बैच के एलुमनी भरतपाल, कैलाश कासनियां, सुरेंद्र कागट, ईसाक भुट्टो, नारायण दैया, मनोज व्यास, मानाराम, जगदीश जिंगल, प्रहलाद राम को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही पूर्व के गुरुजन व 1997 बैच के साथियों के विशेष सम्मान के साथ सभी एलुमनीज को 1998 बैच द्वारा बैग भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही प्रतिभाशाली व उत्कृष्ट बच्चों को पारितोषिक प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के बेहतरीन नृत्य, गीत-संगीत, योगा व पिरामिड जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बँध गया।
       इस अवसर पर मनीष पारीक को नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया। प्राचार्य ओमवती जी दीक्षित ने सबका धन्यवाद ज्ञापित किया। हनुमान चोयल ने रोचक व शायराना अंदाज में कार्यक्रम का संचालन किया।

Sunday, October 20, 2024

विशाल रक्तदान शिविर आयोजित

 




विशाल रक्तदान शिविर आयोजित ~
(समाज में जागरुकता हेतु नवोदयन की बेहतर पहल)

रक्तदान इक फ़र्ज़ है, रक्तदान इक धर्म।
रक्तदान है दोस्तों, सबसे पावन कर्म।।
भावों को चरितार्थ करता टाउनहॉल, नागौर में राजस्थान पत्रिका व नवोदय एलुमनी सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन निस्संदेह समाज में परोपकार व पुनीत कार्य का एक बेहतरीन उदाहरण था। सभी दिवंगत गुरुजन व नवोदयन को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नेक व सामाजिक सरोकार से संबद्ध कार्यक्रम रक्तदान का आगाज़ हुआ।
        कुचामन एलुमनी के दिवंगत गुरुजन, स्टाफगण व दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देने हेतु विशाल रक्तदान शिविर डॉ॰ भंवरलाल बिस्सु द्वारा संचालित बिस्सु हॉस्पिटल के सौजन्य से आयोजित हुआ। जिसमें राजस्थान पत्रिका की महती भूमिका रही। पत्रिका के चीफ ब्यूरो नागेश शर्मा, श्यामलाल चौधरी ने सक्रियता से सहभागिता की। आज नवोदयन व अतिथियों द्वारा बढ़ चढ़कर रक्तदान किया गया। यह महज पुण्य स्मरण सभा न होकर प्रत्युत समाज में नवोदयन द्वारा जागरुकता अभियान व सामाजिक कार्य की सुखद पहल थी। जिसमें कुचामन के अलावा पाटन, पावटा, चुरू, जालोर, गजनेर व अन्य नवोदयन एलुमनी भी शामिल हुए। एम्स ब्लड बैंक जोधपुर, जे एल एन नागौर व लाइफलाइन ब्लड बैंक, नागौर की टीमों ने पूरे दिन अपनी सेवाएँ देकर कुल 304 यूनिट ब्लड संचित किया।
बीस अक्टूबर रहा, भैया सबको याद।
रक्तदान उत्सव बना, श्रद्धानवत आह्लाद।
            ADM नागौर चंपालाल जीनगर, ऊर्जा अध्यक्ष आनंद चौधरी, भरतपाल सिंह, प्राचार्य डॉ॰ शंकरलाल जाखड़, एडवोकेट गोविंद कड़वा, प्राचार्य भंवरलाल कासनिया, डॉ॰ भंवरलाल बिस्सु व प्रहलाद कड़वा ने कार्यक्रम में अपने विचार प्रकट कर इस नेक काज की सराहना की। कार्यक्रम में  ADM भंवर जनागल, AAG महावीर बिश्नोई, पूर्व चेयरमैन मूंडवा, घनश्याम सदावत के अलावा नवोदय एलुमनी सोसाइटी अध्यक्ष दीपक नेहरा, सचिव डॉ॰ मूलाराम जाँगू,  डॉ॰ राजेन्द्र बेड़ा, कैलाश कासनिया, हनुमान चोयल, मुकनाराम, मंगलाराम, जगदीश जिंगल, फरसाराम, तुलछाराम गोदारा, प्रहलाद, रामनिवास, पूर्व शिक्षक नेता मेहराम नगवाड़िया, सोहनराम, मनीष पारीक, BCMO डाॅ राजेश बुगासरा, डाॅ रामेश्वर चौधरी, डाॅ शंकर पूनिया, सुभाष बिश्नोई,  महावीर बिश्नोई,  चेतन सर्वा, सह आचार्य प्रेम बुगासरा व महेंद्र लोमरोड़, डॉ॰ सेवाराम, सुरेश बिश्नोई, PMO महेश पंवार, रामकरण, माणक चौधरी, भंवरलाल सियाग, दौलतराम, कानाराम, बेबी राजपुरोहित, डॉ॰ कैलाश खोजा, रंजना चौधरी, संतोष मिर्धा, अन्नू चौधरी, नंदू कंवर, भंवरसिंह, प्रहलाद त्रिदिया, अन्नाराम, सूरज चौहान, प्रकाश मेहरा, पप्पूराम, मिश्रीलाल, ओमप्रकाश, सीताराम, जगदीश, चेतन, प्रभात, रुचिर पारीक, हनुमान चौधरी, नंदकिशोर इत्यादि ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर इस विशाल महायज्ञ में अपनी आहूति दी और इसी भावसिक्त वैचारिकता को बल दिया-
मानवता के मंच से कर दो यह ऐलान,
समय-समय पर हम सभी करेंगे रक्तदान।

            रक्तदान शिविर में एनसीसी, स्काउट्स व वॉलंटियर्स की सेवाएं भी प्रशंसनीय रही, जिन्होंने पूरे दिन इस आयोजन में अपनी कर्मठता व सेवा भाव से सबको आकृष्ट किया। सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सभी अतिथिगण, नवोदयन व कार्यकर्ताओं हेतु भोजन, फलाहार, ज्यूस व जलपान की यथोचित व्यवस्था थी। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन प्रोफेसर सुरेंद्र कागट व उप प्राचार्य मनोज व्यास ने किया।

Tuesday, October 1, 2024

35वीं जिला स्तरीय क्रीड़ा व सांस्कृतिक प्रतियोगिता संपन्न

 







35वीं जिला स्तरीय खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन ~
           संत बलरामदास राउप्रावि सं 2 नागौर में 35वीं जिला स्तरीय शिक्षक खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के समापन के अवसर पर प्राचार्य गिनाणी बस्तीराम सांगवा, पूर्व कॉलेज अध्यक्ष रणजीत धौलिया, एडवोकेट गोविंद कड़वा, कनिष्ठ अभियंता धर्मजीत, डॉ. ओमप्रकाश, सहायक आचार्य प्रेमप्रकाश, कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार, मदनलाल डोगीवाल व चुकादेवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सर्वप्रथम माँ सरस्वती के दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुभारंभ हुआ।
         कल आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में पुरुष वर्ग में पंकज कुमार (100, 200मी.), जिनेशराम (400मी.), सरपाल (गोला फेंक), भेराराम (लंबी कूद), जालमचंद (ऊँची कूद) व देवेंद्र (शतरंज) में विजेता रहे वहीं कैलाश (200मी.), महिपाल (400मी.),  निर्मल कुमार (गोला फेंक), लोकेश बावलिया (लंबी व ऊँची कूद), सरदार सिंह (शतरंज) में उप विजेता रहे। महिला वर्ग में नंदू कंवर (100मी.), भगवती (200मी.), निरमा (400मी.), दीपिका (गोला फेंक), निर्मला (लंबी व ऊँची कूद) में विजेता रही वहीं सुशीला (100मी.), ममता (200मी), तुलसी (400मी.), सरोज (गोला फेंक) व सुनीता (ऊँची कूद) में उप विजेता रही।
          टीम इवेंट्स में पुरुष वर्ग में नागौर (रिले रेस व बैडमिंटन) व मूंडवा (टेबल टेनिस) में विजेता व मेड़ता (बैडमिंटन), डेगाना (रिले रेस) व नागौर (टेबल टेनिस) में उप विजेता रहे। महिला वर्ग में नागौर (रिले रेस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस) में विजेता व खींवसर (रिले रेस), नागौर (बैडमिंटन, टेबल टेनिस) में उप विजेता रही। अतिथियों द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों के साथ सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी पंकज जांगू लैब असिस्टेंट अलाय महिला खिलाड़ी निर्मला चौधरी शारीरिक शिक्षक कालड़ी व टीम विजेता ट्रॉफी ब्लॉक नागौर टीम को प्रदान की गयी।
          विद्यालय के संस्था प्रधान धर्मपाल डोगीवाल ने सभी अतिथियों व शिक्षक खिलाड़ियों का आभार ज्ञापित किया।
          सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तहत एकल गायन में रजनी पुरोहित व एकल नृत्य में संतोष सांगवा प्रथम रही वहीं मंजु लालणेचा व रक्षा गोरा द्वितीय रही।
           कार्यक्रम के अध्यक्ष प्राचार्य बस्तीराम सांगवा ने शिक्षकों को स्वस्थ शरीर हेतु निरंतर खेल खेलने व लगातार भागीदारी हेतु आह्वान करते हुए खेलों के समापन की घोषणा की। गोविन्द कड़वा ने भी सभी खिलाड़ी शिक्षकों को बेहतर प्रदर्शन कर उत्तम स्वास्थ्य हेतु खेलों की महत्ता बताई।
        नागौर जिले के मेड़ता, डेगाना, खींवसर, मूंडवा, जायल व नागौर ब्लॉक से आए विभिन्न खिलाड़ी शिक्षकों के साथ स्थानीय विद्यालय नागौर के सभी स्टाफगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी आगंतुक खिलाड़ी शिक्षकों व अतिथियों ने कार्यक्रम आयोजन व व्यवस्थाओं की भूरि भूरि प्रशंसा की। मनोज व्यास, महावीर सिंह, जगदीश मारुका व पूनमबाला ने कविता पाठ कर सबका मनोरंजन किया। कार्यक्रम का रोचक व जोशीले अंदाज में सफल संचालन अध्यापक श्रवण ग्वाला व पूजा वर्मा ने किया।
       

Friday, July 5, 2024

जोधियासी में पौधरोपण~

 

 















जोधियासी में पौधरोपण~
हर घर पेड़ का संकल्प

          राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोधियासी में एसीबीईओ राधेश्याम गोदारा के मुख्य आतिथ्य व सरपंच प्रतिनिधि प्रहलाद मूंड, वरिष्ठ आयुर्वेद अधिकारी संतप्रसाद त्रिपाठी, पशु चिकित्सक डॉ॰ शंकर पूनिया, बालिका स्कूल प्राचार्य डॉ॰ संजय कुमावत के विशिष्ट आतिथ्य में समारोहपूर्वक पौधरोपण किया गया।
          इस अवसर पर एसीबीईओ राधेश्याम गोदारा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से पर्यावरण को संरक्षित करने का आह्वान किया। डॉ॰ त्रिपाठी ने बच्चों को पौधों को पेड़ बनाने और डॉ॰ कुमावत ने विद्यार्थियों से अपने घर और स्कूल को हरा भरा बनाने पर बल दिया।
         प्राचार्य मनोज व्यास ने बच्चों से हर घर पेड़ के संकल्प को मूर्त रूप देने हेतु सभी 500 बच्चों को स्टाफ सदस्यों से पौधे वितरित करवाए और साथ ही पेड़ के महत्व को बताया। कार्यक्रम में बजरंग पंचारिया, धन्नाराम, नेनुराम, रूपचंद दर्जी व स्टाफ सदस्य बोदूसिंह, कन्हैयालाल, विजेश बंजारा, हनुमान प्रसाद, दिनेश गौड़, कमला कड़वासरा, अंजू शर्मा, रमेशनाथ, मुकेश यादव, राजूराम काला, कालूराम, नारायणदान, चोखाराम, रेखा साद, प्रहलाद सहाय, मो. रमजान, राजूराम, रूपसिंह, तिलोकराम, राजकुमार, अमरसिंह, गौरीशंकर तथा अभिभावक व सभी विद्यार्थी मौजूद रहे।




Friday, June 21, 2024

योग दिवस समारोहपूर्वक मनाया ~

 











 

योग दिवस समारोहपूर्वक मनाया ~

          रा.उ.मा.वि., जोधियासी (नागौर) में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया। पीईईओ मनोज व्यास ने अष्टांग योग का महत्व बताते हुए नियमित योग व प्राणायाम करने का आह्वान किया। 
         वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. संतप्रसाद त्रिपाठी, योग प्रशिक्षक भूराराम व शारीरिक शिक्षक विजेश बंजारा के निर्देशन में वज्रासन, भद्रासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, अर्द्ध उष्ट्रासन, शशंकासन, वक्रासन, भुजंगासन, पवन मुक्तासन जैसे आसन व अनुलोम विलोम, कपालभाति, भ्रामरी जैसे प्राणायाम तथा अन्य योग क्रियाएँ करवाई। डॉ. त्रिपाठी ने स्वस्थ शरीर हेतु योग व प्राणायाम की महत्ता को बताते हुए उत्तम स्वास्थ्य संबंधी गुर भी बताए।
          ग्राम पंचायत जोधियासी की सभी राजकीय व निजी स्कूल के शिक्षकों, अन्य विभागों के कार्मिकों, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, आशा सहयोगिनी व विद्यार्थियों ने पूर्ण तल्लीनता से योग क्रियाएँ की।

          कार्यक्रम में हिस्सा लेनेवालों में चिकित्सक डाॅ. रामूराम, बजरंग पंचारिया, कन्हैयालाल, पवन तिवारी, दिनेश कुमार, प्रहलाद सहाय, चोखाराम, कालूराम, रमेशनाथ, लिछमणराम, श्रवणसिंह, सहीराम, अमरसिंह, माँगूसिंह, बेगनाथ, देवाराम, मानाराम, दुलाराम, विक्रम, गिरधारीराम, सुमनबाला, अंजू शर्मा, मंजु ओझा, भावना, सरिता, संतोष, पार्वती, टीनू कंवर, छैलाराम, पवन सारस्वत, राजूराम, तिलोकराम सहित विभिन्न कार्मिक, अभिभावकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Wednesday, February 14, 2024

किशोरी मेला आयोजित

 







किशोरी मेला आयोजित~


          कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नागौर में किशोरी मेले का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया। सभापति मीतू बोथरा, सीबीईओ अनिता बागड़ी, एपीसी पृथ्वीसिंह चारण, रामकुंवार कस्वा, प्राचार्य शंकरलाल शर्मा व संगीता भाटी के मुख्य आतिथ्य में सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम का प्रारंभ हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गये।

          स्थानीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा हिन्दी, गणित, विज्ञान, अंग्रेज़ी व सामाजिक विज्ञान से संबद्ध गतिविधि आधारित लगभग 30 से अधिक स्टॉल लगाई गयी, जिन पर विभिन्न विद्यालयों से आए 400 बच्चों ने कार्ड्स के माध्यम से हिस्सा लेकर ग्रेडिंग प्राप्त की। मेले में बच्चों हेतु निशाना चूक न जाए, हाय हप्प गपागप, रंगों की दुनिया जैसे कुछ मनोरंजक खेल भी रखे गये, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

          विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की बेहतर प्रस्तुतियां दी गयी। मेले में लक्की डिप के जरिए बच्चों को ईनाम भी प्रदान किए गये। बच्चों ने ज्ञानवर्धक व बौद्धिक क्रियाओं एक झलक, कौन छुपा है, घर बैठे यात्रा, सूंघो पहचानो, फसलों को जानें इत्यादि के माध्यम से मेले में अपनी प्रतिभा दिखाई व रोमांचक क्रियाओं से भरपूर मनोरंजन किया।

          अपने संबोधन में सीबीईओ अनिता बागड़ी ने इस मेले को विद्यार्थियों हेतु ज्ञानवर्धक व रोचक माना तथा बौद्धिक विकास के लिए उपयोगी बताया। एपीसी पृथ्वीसिंह चारण ने कार्यक्रम की गतिविधियों को शिक्षा में सहायक बताते हुए कार्यक्रम को मानसिक विकास हेतु बेहतर बताया।

          दक्ष प्रशिक्षक रमेशनाथ जाखड़ व शिखा दंतुसलिया के निर्देशन में छात्राओं ने कौसल व कलात्मकता का प्रदर्शन किया। मेले में धनराज खोजा, विनायक, अकील खान,  शारदा शर्मा, धापूदेवी, सलीमा व अन्य शिक्षकवृंद और विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रधानाध्यापिका गरिमा कालवी ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।  कार्यक्रम का संचालन मनोज व्यास ने किया।

          

          

          

Saturday, February 3, 2024

बाल मेले का आयोजन

 

 









बाल मेले का आयोजन ~

     

       राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जोधियासी में बाल मेले का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया। बाल मेले के प्रभारी हनुमान मीणा ने बताया कि इस मेले का आयोजन कक्षा 6 से 8 को व्यावसायिक शिक्षा से परिचित करवाने हेतु  किया गया। इसके तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने क्ले मॉडलिंग, ग्लास पुट्टी की मूर्तियाँ, खिलौने व कपड़े और कागज की सामग्री का निर्माण कर प्रदर्शित किया।

        प्राचार्य मनोज व्यास ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के कौशल व रचनात्मकता को बढाते हैं व व्यावसायिक शिक्षा से बच्चों को जोड़ने का कार्य करते हैं। 

        कार्यक्रम में बोदूसिंह, पृथ्वीराज भादू,  कन्हैयालाल, पवन तिवारी, कमला कड़वासरा, चोखाराम, कालूराम, अंजू शर्मा, मो. रमजान, नारायणदान, रमेशनाथ, पवन सारस्वत, अरविन्द सिंह, रूपसिंह, कृष्णा कंवर, सहीराम, विक्रम, प्रहलाद राम, मानाराम, देवाराम, माया पंवार, लोकेश बावलिया, गौरीशंकर, दिनेश बंजारा तथा सभी विद्यार्थी मौजूद रहे।

        


Friday, January 26, 2024

गणतंत्र दिवस मनाया







रा.उ.मा.वि., जोधियासी (नागौर) में 75वाँ गणतंत्र दिवस व वार्षिकोत्सव समारोहपूर्वक मनाया गया। सरपंच प्रतिनिधि दयालराम मूंड के मुख्य आतिथ्य एसीबीईओ राधेश्याम गोदारा, राजेश शर्मा, राधाकिशन साद, छगनलाल नाहर, मघसिंह भाटी, हरिनारायण टांडी के विशिष्ट आतिथ्य व प्राचार्य मनोज व्यास की अध्यक्षता में ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का श्रीगणेश हुआ।

        इसके उपरान्त विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों राम घर आएंगे, कालबेलिया, पर्यावरण सुरक्षा, एवोएड सोशल मीडिया, खरनालिया का चौधरी, राजस्थानी पैरोडी, स्वच्छता की जोत आदि नृत्य गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गयी। इसके अलावा देशभक्ति गीत, नाटक आदि पेश किये गये। 

        विशिष्ट अतिथि श्रवणराम मूंड ने विद्यालय की प्रगति हेतु सहयोग करने व विद्यार्थियों से देश सेवा का आह्वान करते हुए उन्हें अध्ययन के प्रति निष्ठा रखने को प्रेरित किया। विद्यालय परिवार द्वारा विकास हेतु सहयोग राशि देने वाले भामाशाहों, राज्य पुरस्कार प्राप्त स्काउट्स, श्रेष्ठ खिलाड़ियों व मेधावी पूर्व छात्रों का स्मृति फलक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। 

        मुख्य अतिथि सीबीईओ अनिता बागड़ी ने अपने संबोधन में बच्चों से संविधान के प्रति निष्ठा रखने व पढ़ाई पर विशेष बल देने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय परिवार व भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।

        प्राचार्य मनोज व्यास ने विद्यालय की शैक्षिक, खेलकूद, स्काउटिंग व अन्य श्रेष्ठ उपलब्धियों की जानकारी देते हुए ग्रामीणजन से सहयोग की अपील करते हुए अतिथियों व ग्रामीणजन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

        कार्यक्रम में मनोज हेड़ा, धन्नाराम लेगा, अशोक तांडी, मेघसिंह, कैलाश राम, गिरधारी मेघवाल, माँगीलाल, बंशीलाल सुथार, श्याम भद्रेचा, रवि कुमार तथा स्टाफ सदस्य बोदूसिंह, कन्हैयालाल, दीक्षा छाबड़ा, पवन तिवारी, पृथ्वीराज भादू, मुकेश यादव, हनुमान प्रसाद, रमेशनाथ, चोखाराम, कालूराम, अंजू शर्मा, कमला कड़वासरा, प्रहलाद सहाय, राजूराम काला, नीतू स्वामी, राजूराम सेन, तिलोकराम, अरविन्द सिंह, रूपसिंह, कृष्णा, प्रियंका, मानाराम, विक्रम, लोकेश बावलिया, श्रवण जांदू, मेगाराम, कैलाश, हरिकिशन सहित ग्रामीणजन व सभी विद्यार्थी मौजूद रहे। 

         कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश गौड़ ने किया।

Friday, January 12, 2024

कॅरियर मेला आयोजित

 













कॅरियर मेला आयोजित ~

      राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोधियासी में आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कॅरियर मेले का आयोजन समारोहपूर्वक किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ॰ संतप्रसाद त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि बैंक मैनेजर अनोपसिंह, मिथलेश कुमार, माँगूसिंह भाटी आदि ने माँ सरस्वती के दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। 

      कॅरियर वार्ताकार के रूप में डॉ॰ त्रिपाठी ने चिकित्सा, अनोपसिंह ने बैंकिंग,  माँगूसिंह भाटी ने सेना व कन्हैयालाल ने शिक्षा क्षेत्र में विद्यार्थियों को परीक्षा तैयारी संबंधी जानकारी विस्तार से दी। पूर्व विद्यार्थी मेगाराम ने भी विशेष शिक्षा के बारे में चर्चा की। 

      विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न कॅरियर चार्ट, कॅरियर बूथ व आत्मवृत्त आदि का निर्माण किया गया। प्राचार्य मनोज व्यास ने विद्यार्थियों को दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य प्राप्ति का आह्वान किया और निरंतर परिश्रम के जरिए सफलता हासिल करने की नसीहत दी।

      कार्यक्रम में स्टाफ सदस्य बोदूसिंह, पृथ्वीराज भादू, दिनेश गौड़, चोखाराम, कालूराम, कमला कड़वासरा, अंजू शर्मा,  प्रहलाद सहाय, मो. रमजान, राजूराम काला, रेखा साद, नीतू स्वामी, प्रेमादेवी, कविता डूडी, अरविंद सिंह, रूपसिंह, पवन सारस्वत, प्रहलाद राम, राजूराम सेन, कृष्णा कंवर, तिलोकराम, श्रवण जांदू व अभिभावक और सभी विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन रमेशनाथ ने किया।