कंप्यूटर लैब व स्मार्ट लाइब्रेरी का उद्घाटन ~
गैर लाभकारी संस्था "कथा" की अच्छी पहल
राउमावि जोधियासी में गैर लाभकारी संस्था "कथा" के सौजन्य से संस्था के निदेशक डॉ॰ आनंदसिंह राणा, सरपंच प्रतिनिधि दयालराम मूंड के मुख्य आतिथ्य व प्रधानाचार्य परमेश्वर लाल चेजारा की अध्यक्षता में कंप्यूटर लैब व स्मार्ट लाइब्रेरी का उद्घाटन हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ॰ आनंदसिंह राणा ने बताया कि पद्मश्री प्राप्त गीता धर्मराजन द्वारा 1988 में स्थापित "कथा" विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त गैर-लाभकारी संस्था है, जो 19 राज्यों में कार्यरत है। जिसका उद्देश्य कहानियों और खेल पद्धति से विशेषतः पिछड़े समुदायों के गरीब बच्चों का शैक्षिक उन्नयन है। यह शैक्षिक पहल वैश्विक कंपनी 'हर्बालाइफ' द्वारा समर्थित है और अंतिम छोर तक के बच्चों तक पहुँचने के लिए सरकारी और गैर-लाभकारी संस्था के विद्यालयों के सहयोग से चलेगी। स्कूल हर स्तर पर कला, विज्ञान, गणित, प्रौद्योगिकी और सामाजिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए 'प्रयोगशालाओं' और 'संसाधनों' से युक्त होंगे, जिसका उद्देश्य बच्चों का समग्र विकास करना है। प्रत्येक स्कूल 200 बच्चों तक पहुंचेगा और बच्चों को आजीवन शिक्षार्थी और भविष्य में बदलाव लाने वाले बनने में मदद करने के लिए उनकी कल्पना और रचनात्मकता का दोहन करने पर जोर देगा। हस्तक्षेप के अगले चरण में, कथा 6 और राज्यों को स्केल-अप करेगी और 3,000 बच्चों के जीवन को छूने और 75 शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए देश भर में 15 स्कूलों को लॉन्च करेगी, जो दुर्गम स्थानों में हैं। उन्होंने बताया कि "कथा" स्कूल को 3 शिक्षक प्रदान करेगी जो बच्चों और शिक्षकों को प्रौद्योगिकी और कहानी शिक्षण, कला और संस्कृति पर प्रशिक्षण प्रदान करेगी, ताकि सरकारी स्कूल के शिक्षक नई शिक्षा नीति 2020 के दिशानिर्देशों को पूरा करने के लिए तकनीक आधारित शिक्षण करवा सकें।
कथा प्रतिनिधि भगवान सिंह ने बताया कि इस लैब के तहत दस कंप्यूटर सेट मय प्रोजेक्टर, टीवी, दस मेज, तीस कुर्सियाँ व स्मार्ट लाइब्रेरी में पाँच टेबल, दो बुक रैक व छत्तीस कुर्सियाँ व "कथा" की विश्व स्तरीय पुस्तकें विद्यालय को प्रदान की गयी है। प्रधानाचार्य परमेश्वर चेजारा ने "कथा" के इस नेक कार्य को विद्यार्थी हितार्थ बताते हुए संस्था को धन्यवाद ज्ञापित किया। सरपंच प्रतिनिधि दयालराम मूंड ने जोधियासी ग्राम पंचायत की ओर से संस्था का आभार व्यक्त किया व लैब को नवीनतम तकनीकी ज्ञान हेतु उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता मनोज व्यास ने किया। उन्होंने बताया कि संस्था "कथा" द्वारा विद्यालय के कक्षा एक से आठ के विद्यार्थियों को 170 बैग मय स्टेशनरी किट भी बाँटे गये।
कार्यक्रम में स्टाफ सदस्य बोदूसिंह, रामेश्वर लाल, कन्हैयालाल, पवन तिवारी, मुकेश यादव, नारायणदान, हनुमान प्रसाद, रमेशनाथ, चोखाराम, अंजू शर्मा, कमला कड़वासरा, प्रहलाद सहाय, रेखा साद, धनसुखराम, ग्रामीणजन हरिसिंह, अरविंद सिंह, सुरेश रांकावत, नीतू स्वामी, रूपसिंह, ओमकंवर, बाबू, गीता, कृष्णा कंवर तथा सभी विद्यार्थी मौजूद रहे।










